संजीत कुमार/सोनपुर: विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार की मध्य रात्रि आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम दिखा। इस पावन अवसर पर श्रद्धालु बाबा हरिहरनाथ के उपविग्रह को सिर पर धारण कर गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर परिसर से कालीघाट तक ले गए। नारायणी नदी में विधि-विधान से बाबा हरिहरनाथ का दिव्य शाही स्नान कराया गया और पुनः मंदिर लाकर विशेष पूजा-अर्चना की गई। शंखध्वनि और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। विशेष श्रृंगार और आरती के बाद आम श्रद्धालुओं के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए।

पौराणिक मान्यता के अनुसार, हरि और हर के मिलनस्थल हरिहरक्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा के स्नान से पापों से मुक्ति और पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के साथ बिहार के विभिन्न जिलों व अन्य राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने पहलेजाघाट स्थित गंगा, नारायणी गंडक नदी और अन्य जलाशयों में स्नान किया। इसके बाद भक्तों ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर, लोकसेवा आश्रम स्थित सूर्यदेव व शनिदेव मंदिर तथा दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मौनी बाबा ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है तथा श्रद्धालुओं को सामर्थ्य के अनुसार दान अवश्य करना चाहिए।

धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य यजमान झुनझुन सिंह और सर्वानंद सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए घाटों, मंदिरों और मुख्य मार्गों पर व्यापक सुरक्षा बल तैनात किया गया था। डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसएसपी रौशन कुमार, डीएसपी सुमित कुमार आर्य, एसडीओ सगिंधा नेहा और संबंधित थानाध्यक्ष लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।