
तरैया,(सारण)। स्नान, ध्यान और दान के पर्व कार्तिक पूर्णिमा को लेकर मंगलवार को नारायणी नदी के विभिन्न घाटों पर उत्सव का माहौल रहा। सुबह होते ही घाटों पर लगे मेले में आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने दान-दक्षिणा देकर पुण्य भी कमाया।
तरैया के जिमदाहा-अरदेवा नारद बाबा के आश्रम स्थित गंडक नदी तट पर सोमवार की रात्रि से ही श्रद्धालु पूजन-अर्चन के लिए पहुंचने लगे। घाट पर दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान सूर्य की उपासना कर अर्घ्य दिया और स्नान कर दान-पुण्य किए। नारद बाबा घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। घाट को रंग-बिरंगे फूलों और मालाओं से सजाया गया था।
इस घाट पर बनारस के तर्ज पर मध्य सुबह में गंगा महाआरती का नजारा भी देखने को मिला, जो कि श्रद्धालुओं-भक्तों के लिए अद्भुत नजारा था। गंगा महाआरती और स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई थी। इस घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान किया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किए। खुद तरैया प्रखण्ड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू श्रद्धालु-भक्तो को प्रसाद ग्रहण कराते नजर आए।
गंगा महाआरती का आयोजन संत शिरोमणि श्री श्री १0८ श्री नारद बाबा के परम शिष्य पंकज बाबा द्वारा आयोजित की गई। बताते चले कि इस घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रत्येक वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर दान-पुण्य करते है तथा भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते है।
ऐसी मान्यता है कि इस घाट पर गंगा स्नान कर दान पुण्य करने से मांगी गई सभी मन्नते पूर्ण होती है।
वही चंचलिया सोहागपुर घाट पर भी सैकड़ो लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई एवं मेले में मौजूद फर्नीचर व अन्य सामानों की जमकर खरीदारी की। वहीं इस बार गंडक घाटों पर गंगा स्नान एवं मेले में विधि व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन काफी सक्रिय दिखा, कई घाटो एवं मेला में पुलिस पदाधिकारी गश्ती करते नजर आए।
रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट……





Recent Comments