पानापुर (सारण)। थाना क्षेत्र में अपराध और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मारपीट के एक नामजद आरोपी तथा अवैध शराब के तीन कारोबारियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह मशरक थाना क्षेत्र के मशरक दक्षिण टोला निवासी निरंजन कुमार के साथ पूर्व के विवाद को लेकर मारपीट कर जख्मी करने के मामले में नामजद अभियुक्त तरैया थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव निवासी विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया. वहीं दूसरी ओर, शराबबंदी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने चिंतामनपुर ढाला के समीप छापेमारी कर बाइक से स्पिरिट की सप्लाई करने जा रहे बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के आशा खैरा निवासी पवन कुमार एवं प्यारेपुर निवासी दीपक शर्मा को दस लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया. वही पुलिस ने धेनुकी मनिया टोला में छापेमारी कर चार लीटर स्पिरिट के साथ महिला धंधेबाज विजैनी देवी को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि सभी चारों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों और अवैध शराब का धंधा करने वालों के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.





Recent Comments