
व्हाइट कोट के साथ विद्यार्थियों ने लिया मानव सेवा और चिकित्सकीय नैतिकता का संकल्प
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- चिकित्सा शिक्षा के विस्तार से बिहार के युवाओं को मिलेंगे बेहतर अवसर
धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 19 नवंबर।
सफेद कोट पहनते ही विद्यार्थियों के कंधों पर केवल एक पेशे की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा और सेवा का बड़ा दायित्व भी आ जाता है। इसी संकल्प के साथ गुरुवार को छपरा स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में एमबीबीएस के पहले बैच की चिकित्सा शिक्षा यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हुआ। शैक्षणिक सत्र 2026 के नव नामांकित विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘ओरिएंटेशन, ओथ एंड व्हाइट कोट सेरेमनी’ में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें चिकित्सा शिक्षा के साथ मानवता, करुणा, संवेदनशीलता और सेवाभाव को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को चिकित्सा के क्षेत्र में नई यात्रा शुरू करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि व्हाइट कोट धारण करना केवल चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह मानवता की सेवा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करने का संकल्प भी है। उन्हें विश्वास है कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और सेवाभाव से चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
50 MBBS सीटों पर नामांकन और संचालन की मिली अनुमति:
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और उसकी गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए सरकार के प्रयासों की चर्चा की। उन्होंने बताया कि छपरा स्थित इस राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 50 एमबीबीएस सीटों पर नामांकन एवं संचालन की अनुमति प्राप्त हुई है। इससे सारण सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध हों। विद्यार्थी आधुनिक और अत्याधुनिक चिकित्सा पद्धतियों का ज्ञान प्राप्त करें, व्यावहारिक प्रशिक्षण के जरिए दक्ष बनें और भविष्य में कुशल चिकित्सक के रूप में मानवता की सेवा करें।
चिकित्सा पेशे में ज्ञान के साथ संवेदनशीलता भी जरूरी
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के महत्व, चिकित्सकीय जिम्मेदारियों और मरीजों के प्रति उनके दायित्वों की जानकारी दी गई। व्हाइट कोट समारोह के माध्यम से उन्हें चिकित्सा पेशे के नैतिक मूल्यों, अनुशासन, गोपनीयता, करुणा और सेवा भावना के महत्व से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों ने भी चिकित्सा पेशे की गरिमा बनाए रखने तथा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, चिकित्सा शिक्षा की चुनौतियों और डॉक्टर के रूप में उनकी भावी भूमिका से परिचित कराना रहा।
पहले बैच के साथ मेडिकल कॉलेज में शुरू हुआ नया अध्याय:
महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित लेक्चर थिएटर-1 में आयोजित समारोह के साथ ही छपरा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के प्रथम बैच की पढ़ाई और चिकित्सा प्रशिक्षण की यात्रा औपचारिक रूप से शुरू हुई। यह संस्थान के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है। मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने से क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही आने वाले समय में स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, बीएमएसआईसीएल के निदेशक सुब्रत कुमार सेन, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीपी जयसवाल, अस्पताल प्रशासन के अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग और कॉलेज से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






Recent Comments