☀ सभी पीएचसी और सीएचसी में उपलब्ध है मौसमी बीमारियों के इलाज की समुचित व्यवस्था

☀एएनएम और आशा को भी लोगों को जागरूक करने की दी गई है जिम्मवारी

सीतामढ़ी/ 28 सितंबर:बदलते मौसम में बीमारियों से बचे रहने के लिए सतर्कता ही बेहतर समाधान है। कोरोना संक्रमण के दौर में सर्दी-खांसी और बुखार अब आम नहीं रहा। इन्हीं प्राथमिक लक्षणों के जरिए मानव शरीर में कोरोना वायरस की घुसपैठ हो रही है। इसलिए सर्दी-खांसी और बुखार की वजह इनफ्लुएंजा, डेंगू-चिकुनगुनिया या मलेरिया जो भी हो, सबसे पहले जांच जरूरी है। बरसात की समाप्ति और जाड़े की शुरुआत में इनफ्लुएंजा भी परेशानी का सबब बन जाता है। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया इनफ्लुएंजा एक ऐसी बीमारी है, जो लक्षणों और प्रसार के तरीकों के आधार पर बहुत हद तक कोविड-19 जैसा दिखता है। यह भी एक रेस्पिरेट्री इंफेक्शन है। सर्दी-जुकाम, सिर दर्द, गले का खिसखिस, इसके लक्षण हैं। सही समय से सही इलाज न मिलने पर निमोनिया तक पैदा करता है।

👉कोरोना और इनफ्लुएंजा में मुख्य अंतर :

  1. डॉ. चौधरी के मुताबिक इनफ्लुएंजा में कोविड 19 की तरह मुंह का स्वाद नहीं बदलता ।
  2. कोविड 19 की तरह मरीज को हंफनी की शिकायत नहीं होती।
  3. कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले मरीज पर कोविड 19 की तरह असर नहीं डालता।
  4. इनफ्लुएंजा तीन से चार दिन में ठीक हो जाता है, जबकि कोरोना के लक्षण आने में 10 से 12 दिन लगते हैं।
  5. इन्फ्लूएंजा के संक्रमण में सिर दर्द और हाथ- पैर दर्द की पीड़ा अत्यधिक बनी रहती है, जबकि कोविड-19 में यह पीड़ा सामान्य स्तर की होती है।
  6. इनफ्लुएंजा में बुखार जल्दी उतर जाता है और आमतौर पर दोबारा नहीं होता, जबकि कोविड-19 में धीमे स्तर का बुखार लगातार कई दिनों तक बना रहता है या खत्म होकर दोबारा भी आ सकता है।
  7. घबराहट, भय, सांस लेने में तकलीफ, ऑक्सीजन लेवल की कमी के लक्षण कोविड-19 में इनफ्लुएंजा से ज्यादा प्रभावी होते हैं।

👉इनफ्लुएंजा भी है संक्रामक बीमारी :

डॉ. चौधरी ने बताया कोविड19 की तरह इनफ्लुएंजा भी संक्रामक बीमारी है। इनफ्लुएंजा फैलाने में तीन अलग-अलग स्टेन ए, बी और सी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हल्के प्रभाव वाले इनफ्लुएंजा का कारक स्टेन सी है। ए और बी तीव्र प्रभाव वाले हैं। इनफ्लुएंजा का प्रसार एयरबार्न ड्रॉपलेट्स के माध्यम से एक संक्रमित व्यक्ति से पूरे घर अथवा समुदाय में तेजी से फैलता है ।

👉कोरोना और इनफ्लुएंजा से बचाव के लिए ये बातें जरूरी :

डॉ. चौधरी के मुताबिक कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क पहनना, बार-बार साबुन से हाथों को धोते रहना, दो गज की सामाजिक दूरी जरूरी है। वहीं कोरोना, इनफ्लुएंजा सहित अन्य मौसमी बीमारियों से दूर रहने के लिए एसी-कूलर के उपयोग से बचना चाहिए। फ्रीज के ठंडे पानी से परहेज करना चाहिए। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले आहार को भोजन में शामिल करना चाहिए। प्रति दिन योग-व्यायाम को आदत में शामिल करना चाहिए। ठंडा-गर्म जैसे संक्रमण काल वाले मौसम में बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर रोगों से ग्रसित मरीजों के लिए ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।