साल 2016 में इराक हिंसा में मारे गए 6,878 आम नागरिकः संयुक्त राष्ट्र
अब्दुल मुत्तलिब रज़ा ( Edited by आज़ाद नेब )
संयुक्त राष्ट्र संघ ने एक बयान जारी करके बताया है कि इराक़ में सन 2016 में 6,878 आम नागरिक मारे गए जबकि 12,388 लोग घायल भी हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन इराक “यूएनएएमआई”  ने कहा कि इन आंकड़ों में इराक के पश्चिमी प्रांत अलअंबार में मई, जुलाई, अगस्त और दिसंबर में मारे गए आम नागरिकों के आंकड़े शामिल नहीं हैं।
संयुक्त राष्ट्र संघ का कहना है कि उसके द्वारा पेश किये गए आंकड़ों की संख्या को ‘पूरी तरह न्यूनतम माना जाना चाहिए’ क्योंकि वह संघर्ष क्षेत्रों में मारे गए आम नागरिकों तथा उन लोगों की मौत के आंकड़ों की पुष्टि करने में सफल नहीं रहा है जिनकी जानें पानी, भोजन, दवाओं और स्वास्थ्य देखभाल की कमी की वजह से गईं। ज्ञात रहे कि इससे पहले यूएनएएमआई ने जो आंकड़े प्रस्तुत किये थे उनके अनुसार इराक में वर्ष 2015 में 7,515 आम नागरिक मारे गए थे ।