• जिले के छह प्रखंडों में चलेगा सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान
• कार्याशाला में चिकित्सको व कर्मियों को दी गयी जानकारी
• माइक्रो प्लान बनाकर कार्य करने का दिया निर्देश

छपरा: शहर के आईएमए भवन में मंगलवार को सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा, डीआईओ डॉ. वीके चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यशाला में जिले के छह प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बीएचएम, एमएनई, सीडीपीओ को सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान के बारे में जानकारी दी गयी।
सिविल सर्जन डॉ. झा ने कहा जिले के छह प्रखंडों में 2 दिसंबर से अभियान की शुरूआत की जायेगी। इन प्रखंडों में टीकाकरण का प्रतिशत कम है। इन सभी प्रखंडों में समय से शत प्रतिशत टीकाकरण करना है। सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ प्रबंधक को निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चार चरणों में चलाया जाएगा। प्रथम चरण में 2 से 12 दिसबंर, दूसरे चरण में 6 से 16 जनवरी, तीसरे चरण में 3 से 13 फरवरी व चौथे चरण में 2 से 16 मार्च 2020 तक चलाया जाएगा।उन्होने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 नवंबर तक हर हाल में सर्वे रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेज दें। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ वीके चौधरी, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ रंजितेश कुमार, यूनिसेफ एसएमसी आरती त्रिपाठी, डीपीओ आईसीडीएस वंदना पांडेय, सीडीपीओ कुमारी उर्वशी समेत अन्य मौजूद थे।
जिले के छह प्रखंडों में चलेगा अभियान:
डीआईओ डॉ. वीके चौधरी ने बताया जिले के छह ऐसे प्रखंडों को चिन्हित किया गया है जहां पर टीकाकरण का लक्ष्य 80 प्रतिशत से कम है। जिसमें परसा, लहलादपुर, पानापुर, मढौरा, मांझी, मशरख को शामिल किया गया है। जहां पर सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया जायेगा।
बैनर पोस्टर के माध्यम से होगा प्रचार-प्रसार:
यूनिसेफ के जिला समन्वयक आरती त्रिपाठी ने कहा सभी चिकित्साकर्मी फिल्ड विजिट कर समन्वय स्थापित करेंगे। गांव मुखिया, जनप्रतिनिधि से समन्वय स्थापित करना है। साथ प्रचार-प्रसार के लिए बैनर पोस्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।
माइक्रोप्लान के तहत होगा टीकाकरण:
विश्व स्वास्थ्य संगठन के एमएमओ डॉ. रंजितेष कुमार ने बताया सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान के लिए माइक्रोप्लान बनाया गया है। टीकाकरण के प्रतिदिन की रिपोर्ट प्रखंड से जिला स्वास्थ्य विभाग को भेजनी है। सभी आशा को ऐसे एरिया को सर्वे करने का निर्देश दिया गया है जहां के बच्चे नियमित टीकाकरण से वंचित है। सभी बीएचएम को सर्वे रिपोर्ट प्राप्त कर जिला मुख्यालय को भेजना है। इसके साथ ही साप्ताहिक समीक्षा बैठक में भी इसके बारे में जानकारी देनी है।




Recent Comments