
मढ़ौरा(सारण)। राज्य स्तरीय विद्यालय अंडर-14 बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में सारण जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 14 अक्टूबर तक अल्पसंख्यक बालक छात्रावास, जमुई में किया गया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सारण की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए एकलव्य खेल अकादमी को 35-24 के अंतर से पराजित किया। पूरे प्रतियोगिता के दौरान सारण की खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और शानदार खेल कौशल का परिचय दिया।
सारण की विजेता टीम में मढ़ौरा कबड्डी क्लब से चयनित दो प्रतिभावान खिलाड़ियों अंशिका कुमारी एवं राज नंदिनी ने भी उम्दा प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अंशिका कुमारी, पिता अरविंद कुमार साह एवं माता रिंकू देवी की पुत्री हैं। वह ग्रेस मिशन स्कूल, मढ़ौरा (सारण) में कक्षा 7 की छात्रा हैं। वहीं राज नंदिनी, पिता रणजीत कुमार मांझी एवं माता सुशीला देवी की पुत्री हैं और उत्क्रमित मध्य विद्यालय, धेनुकी बालक में कक्षा 8 की छात्रा हैं।
टीम का नेतृत्व कप्तान अर्चना कुमारी ने किया, जबकि टीम के प्रशिक्षक मिथुन रहे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और टीम की सफलता पर मढ़ौरा कबड्डी क्लब में भी हर्ष का माहौल है।
मढ़ौरा कबड्डी क्लब के अध्यक्ष सौरभ शांडिल्य, कोच आदित्य कुमार, ग्रेस मिशन स्कूल के प्राचार्य दिलीप मैथ्यू तथा आशु भारद्वाज ने सारण की पूरी टीम, दोनों खिलाड़ियों, कप्तान एवं कोच को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है और ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण एवं अवसर मिलने पर वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
सारण की इस शानदार जीत से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। मढ़ौरा कबड्डी क्लब से चयनित अंशिका कुमारी और राज नंदिनी के प्रदर्शन ने स्थानीय स्तर पर बालिका कबड्डी के प्रति उत्साह को और बढ़ाया है।






Recent Comments