मांझी(सारण)। रविवार की रात जयप्रभा सेतु के नीचे हत्या कर फेंके गए युवक की पहचान कर ली गई है। मृतक मढ़ौरा थाना क्षेत्र पकहा गांव निवासी स्व. हरेन्द्र नट का पुत्र रमेश नट है। शव बरामद होने की जानकारी मिलने के बाद बुधवार की देर से परिजनों ने मांझी थाना पहुंच कर शव के फोटो से युवक की पहचान की। युवक की माँ शांति देवी ने बिलखते हुए बताया कि 15 मार्च को मृतक की बहन चंदा कुमारी की एकमा थाना क्षेत्र से बारात आई हुई थी। सभी लोग बरातियों के स्वागत में व्यस्त थे। जब थोड़ा स्थिर हुए तो रमेश को नही देख कर परेशान हो गए। उसके बाद से खोजबीन शुरू हो गई। बुधवार के दिन जानकारी मिली कि मांझी थाना पुलिस ने एक शव को बरामद किया। जिसके बाद शाम को थाने पहुंच कर शव की शिनाख्त की गई। मृतक की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। मृतक के पिता की मौत पहले ही मौत हो चुकी है।मृतक को एक पुत्र व एक पुत्री है। मृतक दिमागी रूप से अर्द्ध विक्षिप्त था। पहचान होने के बाद परिजन शव लेने छपरा सदर अस्पताल रवाना हो गए।