•बबलू दुबे की हत्या करने में मोतिहारी के अलावा मुजफ्फरपुर के भी बदमाश थे शामिल
•बाल सुधार के फरार बंदी भी थे बेतिया में
अतुल कश्यप दैनिक खोज ख़बर मोतिहारी पूर्वी चम्पारण:-बेतिया न्यायालय परिसर में पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर थानाक्षेत्र के सिसवा खरार पंचायत निवासी शातिर बबलू दुबे हत्याकांड के तार मोतिहारी के अलावा हाजीपुर जेल से जुड़े हैं। पुलिस लगातार इन स्थानों से जुड़े बदमाशों के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है। 
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र राणा ने बताया कि जिन बदमाशों के नाम सामने आ रहे हैं, उनकी भूमिका को पुलिस देख रही है। जेल से बाहर रह रहे बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस मामले में जेल में बंद बदमाशों को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। एसपी ने फिलहाल बदमाशों के नामों का खुलासा नहीं किया है। कहा कि जांच पूरी होने के बाद सारी बातें सामने आ जाएंगी।
हत्या करने में मोतिहारी के अलाना मुजफ्फरपुर के भी बदमाश थे शामिल:-पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना को अंजाम देने के लिए बेतिया पहुंचने वाले बदमाशों में मोतिहारी व मुजफ्फरपुर के भी कई शूटर शामिल थे। बदमाशों की पहचान घटनास्थल के पास एक प्रतिष्ठान में लग सीसी कैमरे के वीडियो फुटेज से की जा चुकी है। पुलिस ने उन सभी बदमाशों के फुटेज को विभिन्न जिलों में भेजा है। जहां सभी की खोज चल रही है।
बाल सुधार के फरार बंदी भी थे बेतिया में:-कोर्ट परिसर में बबलू दुबे की हत्या के बाद भाग रहे बदमाशों का वीडियो देखने के बाद इस बात का खुलासा हुआ है कि घटना के लिए बाल सुधार गृह के फरार बंदी भी बेतिया गए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि शूटर के तौर पर काम करनेवालों में बाल सुधार गृह से फरार बंदी ही शामिल थे। सभी को चिह्नित किया जा चुका है।
गिरोह के अगले सरगना को लेकर कवायद:-शातिर बबलू दुबे की हत्या के बाद गिरोह की कमान किसके हाथ में जाए इस बात को लेकर अपराधियों के बीच कवायद तेज हो गई है। अब इस गिरोह की कमान कौन संभालेगा इसकी चर्चा जोरो पर है। सूत्र बताते हैं कि इस दौर में आधा दर्जन लोग शामिल हैं। जिसमें कई पूर्वी चंपारण तो कुछ दूसरे जिले के भी शातिर प्रमुख हैं।