
कई वर्षों बाद मदरसा दारुलउलूम रहमानिया तेगिया में दो दिवसीय जलसे का हुआ आयोजन
नगरा(सारण)।प्रखंड क्षेत्र के नगरा स्थित मदरसा दारुलउलूम रहमानिया तेगिया में कई वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कंजुल ईमान जलसा का दो दिवसीय भव्य आयोजन किया गया. लंबे समय बाद आयोजित इस धार्मिक जलसे को लेकर क्षेत्र के अकीदतमंदों में खासा उत्साह देखने को मिला. जलसे में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से उलेमा-ए-कराम, इस्लामी विद्वान, शायरे इस्लाम और बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे. आयोजन में लाखों की संख्या में लोगों के पहुंचने से मदरसा परिसर सहित आसपास का पूरा इलाका धार्मिक माहौल में सराबोर रहा.
आयोजनकर्ता मुफ्ती अब्दुल हलीम साहब ने बताया कि कई वर्षों के बाद कंजुल ईमान जलसे का आयोजन किया गया है.इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों तक दीनी तालीम, इस्लामी शिक्षा और धार्मिक संदेश पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को इल्म और अच्छे अखलाक की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने बताया कि जलसे में देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़े-बड़े उलेमा-ए-कराम और धार्मिक विद्वानों को आमंत्रित किया गया था. अकीदतमंदों की भारी भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया.
दो दिवसीय जलसे में मुफ्ती असगर साहब, मुफ्ती अकमल साहब, मुफ्ती शबीह साहब, मौलाना अबुल कलाम, हुजूर गुलजार मिल्लत, मुफ्ती शहरयार, मुफ्ती शमशाद साहब, मुफ्ती सुल्तान साहब, मुफ्ती मुसव्विर रजा, मुफ्ती हसन रजा, शायरे इस्लाम असद इकबाल, अरशद इकबाल, राशिद मरकजी, शाहबाज रजा नूरी, अख्तर काशिफ, मौलाना नेसर अहमद और महबूब गौहर सहित कई प्रमुख उलेमा एवं वक्ताओं ने शिरकत की. इस दौरान धार्मिक तकरीर, नातिया कलाम और इस्लामी शिक्षा के माध्यम से लोगों को नेक रास्ते पर चलने, अच्छे अखलाक अपनाने, इंसानियत की सेवा करने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा समाज में अमन-शांति बनाए रखने का संदेश दिया गया.
जलसे का मुख्य आकर्षण मदरसे में दीनी तालीम हासिल कर रहे 97 बच्चों की दस्तारबंदी का कार्यक्रम रहा. इस अवसर पर विधिवत रूप से बच्चों के सिर पर दस्तार सजाई गई. दस्तारबंदी के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उनके अभिभावकों में गर्व का भाव देखने को मिला. उलेमा-ए-कराम ने बच्चों को दीनी तालीम के साथ अच्छे अखलाक, इंसानियत, अनुशासन और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की सीख दी. बच्चों को आगे भी इल्म हासिल करने और अपने जीवन में बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित किया गया.
आयोजनकर्ता मुफ्ती अब्दुल हलीम साहब ने जलसे में पहुंचे तमाम उलेमा-ए-कराम, मेहमानों और अकीदतमंदों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मदरसा प्रबंधन, आयोजन समिति, स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों की सराहना की. कई वर्षों बाद आयोजित इस जलसे ने नगरा सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक और सामाजिक स्तर पर विशेष चर्चा बटोरी.





Recent Comments