वार्ड 09 में बिजली कार्य को लेकर सदन में उठा मुद्दा, जनप्रतिनिधि ने दी आत्मदाह की चेतावनी

• कहा—जिला बता रहा कार्य पूर्ण, जबकि एसडीओ बिजली विभाग का बयान कुछ और

दैनिक खोज खबर/दरियापुर(सारण)। दरिहारा पंचायत के वार्ड संख्या 09 में बिजली कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। वार्ड में बिजली से जुड़े कार्य पिछले लगभग दो वर्षों से अधूरे बताए जा रहे हैं। इसे लेकर एक जनप्रतिनिधि लगातार सदन में मांग उठा रहे हैं, लेकिन जिला स्तर से यह कहकर जवाब दिया जा रहा है कि कार्य पूर्ण हो चुका है। इधर, आज एसडीओ बिजली विभाग का बयान सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ता नजर आ रहा है। जनप्रतिनिधि का कहना है कि जमीनी हकीकत कुछ और है, जबकि कागजों में कार्य पूरा बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को बुनियादी सुविधा से वंचित रखा जा रहा है और शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

जनप्रतिनिधि ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सदन की अगली बैठक में अपनी कुछ मांगों को लेकर आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी सदन के पदाधिकारियों एवं बिजली विभाग से जुड़े संबंधित पदाधिकारियों की होगी।

मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग भी बिजली समस्या से परेशान बताए जा रहे हैं और शीघ्र समाधान की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाते हैं।उक्त जानकारी जिला पार्षद गोलोक बिहारी शरण सिंह ने दी।