दैनिक खोज खबर/जलालपुर (सारण)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जलालपुर में सोमवार को ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ अभियान के तहत संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, अस्पताल कर्मियों तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ बैठक कर टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा की और इसे जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आरबीएस सहित गठित विशेष चिकित्सकीय टीम ईंट-भट्ठों, दलित बस्तियों एवं अन्य कमजोर वर्गों की बस्तियों में घर-घर जाकर यक्ष्मा की जांच करेगी। जांच में टीबी संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों के साथ उनके परिवार के सदस्यों की भी स्क्रीनिंग की जाएगी तथा जरूरतमंद मरीजों को दवा किट उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में टीबी मरीजों की पहचान, उपचार और पोषण सहायता में सक्रिय सहयोग करें। विशेष रूप से ईंट-भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों की जांच के लिए टीम भेजने अथवा उन्हें अस्पताल बुलाकर जांच कराने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि एक्स-रे सहित सभी आवश्यक जांच समय पर कराई जाएं, ताकि मरीजों का पूर्ण उपचार सुनिश्चित हो सके।

बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत प्रतिदिन विशेष चिकित्सकों की टीम कार्य करेगी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ उप स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीबी जांच की समुचित व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों, एएनएम, जीएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उमेश रजक, स्वास्थ्य प्रबंधक संजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद कुमार प्रसाद, अंचल पदाधिकारी , प्रखंड प्रमुख अखिलेश्वर पासवान, उप प्रमुख सनीश कुमार सिंह, बीडीसी राजन तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, धर्मेंद्र यादव, मुखिया माधोपुर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

इस दौरान बीडीसी राजन तिवारी ने अस्पताल में एक्स-रे व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग उठाते हुए जिलाधिकारी से डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।