तीन मिनट मे अपराधियों ने दिया घटना का अंजाम, पांच राउंड फायरिंग, एक खोखा भी बरामद

• लूट का विरोध करने पर संचालक के छोटे पुत्र को अपराधियों ने पिस्टल के बट से मारकर किया घायल

• एसडीपीओ सदर-2 द्वारा घटना का लिया गया जायजा निरीक्षण, एसआइटी गठित

नितेश कुमार सिंह।

दैनिक खोज खबर/मांझी(सारण)। मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत महम्मदपुर एसबीआई बैंक के सामने वाली गली में रविवार को करीब 12.49 मे दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने लूट की एक बड़ी घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी है। दो बाइक पर सवार होकर पांच की संख्या में पहुंचे हथियार से लैस अपराधियों ने ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण सामग्री (चांदी) की लूट कर ली। लूट की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, महम्मदपुर बाजार स्थित ‘गुप्ता ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार’ में रोजाना की तरह दुकान संचालक बृज बिहारी लाल गुप्ता व उनके पुत्र अरुण गुप्ता ग्राहकों को आभूषण दिखा रहे थे। इसी दौरान उत्तर दिशा की ओर से दो बाइक पर सवार पांच अपराधी दुकान के सामने पहुंचे। सभी के हाथों में हथियार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान के पास पहुंचते ही अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। सभी अपराधियों की उम्र 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है। इसके बाद तीन अपराधी दुकान के अंदर घुस गए जिसमें से एक अपराधी बोरा लिए हुए था,अन्य दो अपराधी सामान लूटने मे उसकी मदद करते रहे। अंदर घुसे अपराधियों ने हथियार दिखाकर दुकानदार को धमकाया और दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात को बोरे में भर लिया। लूटपाट के बाद सभी अपराधी फायरिंग करते हुए पश्चिम 200 मीटर जाकर फिर उत्तर दिशा की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि अपराधी हथियार लहराते हुए दुकान में प्रवेश कर रहे हैं और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं।

एसडीपीओ सदर-2 द्वारा घटना का लिया गया जायजा, एसआइटी गठित

घटनास्थल पर पहुचे सारण के पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार तथा सदर एसडीपीओ 2 राजकुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किए। तथा दुकान संचालक से घटना मे शामिल अपराधियों की जल्द ही गिरफ्तारी कर मामले की खुलासा करने की बात कही। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय व्यवसायियों में भय का माहौल बना हुआ है और वे बाजार में और अधिक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।