तरैया (सारण)। छपरा जेल में पांच माह से बंद एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक तरैया थाना क्षेत्र के उसरी गांव निवासी 55 वर्षीय उमाशंकर महतो बताया गया हैं। जो कि अपनी बहू की हत्या के आरोप में छपरा जेल में बंद था। घटना को लेकर मृतक के परिजनों में जेल प्रशासन के खिलाफ काफी आक्रोश है। मृतक के पिता राजेंद्र महतो और भाई बच्चा महतो ने बताया कि उमाशंकर निर्दोष थे उसकी बहू ने 16 जून को आत्महत्या कर ली थी, जिसके आरोप में उसे जेल भेज दिया गया था। परिजनों ने जेल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि उमाशंकर की तबीयत 16 नवंबर को खराब हुई थी, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया। हालांकि, बेहतर इलाज न मिलने के कारण 18 नवंबर को उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उसे फिर दोबारा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बताते चले कि अपनी बहु काजल कुमारी की हत्या के आरोप में जेल में बंद उमा शंकर महतो पर पानापुर थाना क्षेत्र के मरवा बसहिया गांव निवासी व मृतिका काजल कुमारी के भाई सुनील कुमार महतो ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने अपनी बहन की सास, ससुर, पति और ननद पर दहेज में बुलेट बाइक और तीन लाख रुपये न देने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इसी मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए 18 जून 2024 को उमाशंकर महतो और उनकी पत्नी राजकुमारी देवी को गिरफ्तार कर छपरा जेल भेज दिया था। तब से उमाशंकर छपरा जेल में बंद थे। उनका पुत्र सतेंद्र महतो भी कुछ दिन पहले न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है। इस घटना के बाद मृतक के परिजन समेत पूरे गांव में जेल प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही राजद नेता शैलेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में अमरनाथ सिंह, मो. सबीर सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।