घर-घर तक टीवी, मोबाइल की पहुंच युवाओं को कर रहा है बुजुर्गों से दूर: सिविल सर्जन
• अंतराष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों ने निकाली जागरूकता रैली
• सदर अस्पताल में बुजुर्गों का किया गया स्वास्थ्य जांच
छपरा: अंतरराष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल से स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा जागरूकता रैली निकाली गयी। सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली अस्पताल परिसर से निकलकर शहर के दरोगा राय चौक, बस स्टैंड, राजेंद्र सरोवर, श्री नंदन पथ, नगरपालिका चौक, समाहरणालय पथ, थाना चौक, डाक बंगला रोड होते हुए पुनः सदर अस्पताल में पहुंचकर समाप्त हुई। इस अवसर पर सिविल सर्जन ने कहा घर-घर तक टीवी, मोबाइल की पहुंच युवाओं को अपने बुजुर्गों से दूर करता जा रहा है और परिवार का आकार दिन-व-दिन छोटा होता जा रहा है। आधुनिक जीवनशैली अपनाने के कारण परिवार में युवाओं और बुजुर्गों के बीच बातचीत के मौके कम होते जा रहे हैं, बल्कि उनके बीच अलगाव भी बढ़ता जा रहा है। जिसके कारण बुजुर्गों को दुर्व्यवहार, मारपीट, घर से बाहर कर देना सहित अन्य तरह की अनेक प्रताड़नाओं का शिकार होना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि बुजुर्ग हमारे धरोहर हैं और उनका स्वस्थ रहना सबसे आवश्यक है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। बुजुर्गों के लिए सदर अस्पताल परिसर में जिरियाट्रिक बनाए जाने की भी योजना है। इस अवसर पर उपाधीक्षक डा दीपक कुमार, डा अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद, लेखा प्रबंधक बंटी कुमार, डाटा ऑपरेटर गौरव कुमार के अलावा अन्य चिकित्सक भी शामिल थे। रैली में स्कूल की छात्राओं ने भाग लिया।निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन: इस अवसर पर अस्पताल परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बुजुर्गों में होने वाली बीमारियों की निशुल्क जांच कर दवाएं भी दी गयी। साथ ही बुजुर्गों को मधुमेह, हृदय संबंधित समस्याएं एवं अन्य जटिल रोगों की जानकारी दी गयी। उन्हें बताया गया कि जिला सदर अस्पताल सहित अन्य प्राथमिक केन्द्रों में भी मधुमेह जैसे रोगों की जाँच की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध है। इसलिए यदि मधुमेह के लक्षण दिखाई दे तब नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर संपर्क जरूर करें।




Recent Comments