दरियापुर(सारण)।
प्रखंड क्षेत्र के लोहछा पुल से पश्चिम हुए कटाव स्थल का जल संसाधन विभाग के वरीय अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता विनय कुमार सिंह व कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार ने मही नदी के तटबंधों में विभिन्न स्थानों पर हुए कटाव स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। जिसके उपरांत मौजूद अन्य अधिकारियों को इससे सम्बंधित कई आवश्यक निर्देश दिया गया। विदित हो कि पूर्व में महि नदी के तटबन्ध का निर्माण होने के दौरान विश्वम्भरपुर गांव के घनी आबादी के समीप ही निर्माण नही कराया गया था। जिससे इस साल महि नदी के जलस्तर में कमी होने के दौरान पानी की रफ्तार तेज होने से लोहछा पुल से लेकर एक किलोमीटर पश्चिम तक नदी के दक्षिणी तटबन्ध में काफी कटाव हो चुका है। यहाँ तक कई मकान भी गिरने के कगार पर पहुंच चुके है। ऐसे में यदि समय रहते बचाव का कारगर कदम नही उठाया गया तो अगले बरसात में स्थिति भयावह हो सकती है। निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता मुरारी प्रसाद व धर्मेंद्र कुमार, कनीय अभियंता ए० के त्रिपाठी, सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण शर्मा, लालबाबू शर्मा, सुरेश चन्द्र द्विवेदी, डॉ० के० एन० सिंह, पत्रकार गजेंद्र शर्मा, अमित कुमार, पैक्स अध्यक्ष डिंपू समेत कई अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे।