पानापुर(सारण)गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है वही प्रखंड के सलेमपुर गांव में कटाव हो रहा है । इस बीच विभागीय स्तर पर कटावरोधी कार्यो में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पृथ्वीपुर ,सलेमपुर ,फतेहपुर आदि तटीय गांवो के किसानों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा रात्रि में मात्र एक घंटे कटावरोधी कार्य किया जा रहा है जो नाकाफी है । कटावरोधी कार्य के नाम पर लूटखसोट किया जा रहा है जिससे हमारे सैकड़ो एकड़ जमीन नदी की धारा में विलीन होते जा रहे हैं।मालूम हो कि सारण तटबंध के किलोमीटर 76 से 77 के बीच कटावरोधी कार्य एवं नदी के बीचोबीच चिराई के बाद नदी की धारा बसहिया एवं सलेमपुर गांव की तरफ मुड़ गयी है। गत वर्ष भी इन गांवों में  कटावरोधी कार्य कराये गये थे जिसे नदी की तेज धारा अपने साथ बहा ले गयी है । अपने खेतों को बर्बाद होते देख किसानों में आक्रोश देखा जा रहा है ।