
लालबाजार के समीप दर्दनाक हादसे में गई 35 वर्षीय विकास की जान, पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का करना पड़ा सामना; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया:
धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 09 नवंबर।
हाजीपुर- गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 19 पर लालबाजार के समीप सोमवार की देर शाम ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरा- तफरी मच गई। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच- 19 को जाम कर दिया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मृतक की पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के विष्णुपुरा गांव निवासी दिनेश प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, विकास सोमवार की शाम करीब 8 बजे डोरीगंज थाना क्षेत्र के लाल बाजार से साइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लालबाजार के समीप सड़क पार करने के क्रम में छपरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने छपरा- हाजीपुर एनएच- 19 पर आवागमन बाधित कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय डोरीगंज थाने की पुलिस को भी ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब आक्रोशित लोगों ने पुलिसकर्मियों को घटना स्थल से खदेड़ दिया। सड़क जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया:
विकास कुमार राजमिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण- पोषण करते थे। उनके परिवार में दो छोटे- छोटे बच्चे हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा होने के कारण उनकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस पिता के सहारे बच्चों का भविष्य संवरना था, उसके अचानक चले जाने से परिवार के सामने जीवनयापन का संकट भी खड़ा हो गया है। हादसे के बाद विष्णुपुरा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। एनएच-19 पर वाहनों का परिचालन बाधित रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।




Recent Comments