ओवरलोड बालू ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा,एक की मौत,दूसरा जख्मी

भेल्दी(सारण)। स्थानीय थाने के सरायबक्स-रामपुर ग्रामीण सड़क पर ओवरलोड बालू के ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया जिससे बाइक चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।मृतक संतोष कुमार सिंह(40) भेल्दी थाने के सरायबक्स बड़कुरवा टोला गांव का बताया जाता है।वहीं गंभीर रूप से जख्मी उसी गांव का केदार सिंह बताया जाता है।घटना के बाद आक्रोशित लोगों के पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर सरायबक्स पलमवा पुल के समीप आगजनी कर आवागमन को पूरी तरह ठप कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार भेल्दी थाने के सरायबक्स बकुड़रवा टोला के संतोष कुमार सिंह शुक्रवार को अपने ही गांव के केदार सिंह के अपाची बाइक पर सवार होकर जाफरपुर गांव की तरफ जा रहे थे।तीव्र गति से भाग रहे ओवरलोड बालू के ट्रक ने सरायबक्स गांव के समीप पीछे से रौंद दिया जिससे संतोष कुमार सिंह की मौत मौके पर ही हो गई जबकि बाइक के पीछे बैठे केदार सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।जख्मी केदार सिंह का प्राथमिक उपचार गड़खा सीएचसी में चल रहा है जहां स्थिति नाजुक बनी हुई हैं।
आक्रोशितो ने पुलिस को खदेड़ा,आगजनी
कर एनएच को किया जाम
घटनास्थल की सूचना मिलते ही भेल्दी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस को देखते ही लोग आक्रोशित हो गए और ओवरलोड बालू ट्रक से रूपए लेकर पासिंग कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।लोगों ने पुलिस वाहन के चाभी को भी छीन लिया था।हालांकि बाद में दे दिया।लोगों के आक्रोश का लावा फूटते देख पुलिस घटनास्थल से फरार हो गई।आक्रोशितो ने छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर सरायबक्स पलमवा पुल के समीप आगजनी कर एनएच को जाम कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही अमनौर बीडीओ मंजूल मनोहर मधूप,सीओ मृत्युंजय कुमार मौके पर पहुंच आक्रोशितो को समझा-बुझाकर शांत कराया साथ ही परिजनों को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार रूपए चेक प्रदान करने की बात कही तब जाकर तीन घंटे के बाद सड़क जाम खत्म हुआ और वाहनों का परिचालन शुरू हु
संतोष की मौत के बाद परिजनों में मचा कोहराम
संतोष कुमार सिंह की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।पति का शव देखते ही पत्नी संध्या देवी मूर्छित होकर गिर पड़ी।वह जब भी होश में आती पति के शव से लिपटकर रोने लगती।पुत्री राखी व काजल के दहाड़ मारकर रो रही थी।संतोष ही घर का एक मात्र कमाऊ सदस्य था।उसकी मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
ओवरलोडिग बालू के ट्रक से अब तक जा चुकी दर्जनों लोगों की जानें
छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर ओवरलोडिग बालू के ट्रक व ट्रैक्टरों से एक साल के अंदर दर्जनों राहगीरों की जानें जा चुकी
है।ट्रकों से कई लोगों की मौत होने व पुलिस द्वारा ट्रकों से रुपए वसूली में जेल जाने के बाद भी भेल्दी थाना क्षेत्र में बालू के ट्रकों का पासिंग का खेल बदस्तूर जारी है।पुलिस की सांठ-गांठ से एनएच पर ओवरलोड बालू का परिचालन अनवरत जारी है और आए ही राहगीर अपनी जान गवां रहे हैं।