मांझी(सारण) : । मांझी थाना क्षेत्र के फुलवरिया-ताजपुर स्थित एसबीआई की सीएसपी से बंदूक का भय दिखाकर दिन दहाड़े अपराध कर्मियों ने 99 हजार रूपये लूट लिए। दो बाइक पर सवार चार अपराध कर्मियों द्वारा रुपये लूट कर भागने के दौरान एक ग्राहक द्वारा विरोध किये जाने पर गोली मारकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया गया। दहशत फैलाने के बाद बाइक सवार अपराधकर्मी आसानी से भाग निकले। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। कुछ देर बाद एसडीपीओ अजय कुमार भी पहुंच गए तथा घटना की जानकारी ली। मिली जानकारी के अनुसार ताजपुर निवासी सुशील कुमार सिंह बगल में ही फुलवरिया-डुमाईगढ़ रोड में एसबीआई का एक सीएसपी चलाते हैं। गुरुवार के दिन वे अपने एक कर्मी के साथ सीएसपी में कार्यरत थे। तभी करीब 12 बजे एक अपाची व एक ग्लैम्बर बाइक से चार अपराधी पहुंचे। तथा कुछ दूरी पर ही अपनी बाइक लगा कर पहले स्थिति का मुआयना किया। उसके बाद सीएसपी के अंदर प्रवेश करते ही काउंटर पर पहुंच गए। तथा संचालक को आराम से बोले कि चुप चाप जो भी रूपये हैं दे दीजिए। सुशील को पहले मजाक लगा। बोला कि क्या मजाक करते हैं। फिर उसने अनहोनी का आभास होते हीं अपने कुछ नजदीकियों के पास फोन करने लगा। तभी अपराधियों ने अपनी पिस्तौल दिखा कर पहले उनका मोबाइल फोन ले लिया। उसके बाद होशियारी न करने की धमकी देकर जबरन कैश बॉक्स में मौजूद 99 हजार रूपये निकाल लिए और बाइक पर सवार होकर फरार होने लगे। इसी बीच शोर मचाने पर जुटे कुछ लोगों ने उनका पीछा किया। भागने के दौरान ही दिलेरी दिखाते हुए सरखेलपार गांव के एक युवक मनोज यादव ने एक बाइक चालक अपराधी की कॉलर पकड़ लिया। जिससे पीछा छुड़ाने के लिए पीछे बैठे दूसरे अपराधी ने पिस्टल निकाल कर उसे गोली मार कर घायल कर दिया। उसके बाद दोनों बाइक पर सवार चारों अपराधी पिस्टल लहराते हुए भाग निकले। घायल मनोज यादव को ग्रामीणों की मदद से आनन फानन में एकमा पीएचसी में लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। घटना से नाराज सीएसपी संचालक व स्थानीय लोगों ने ताजपुर एसबीआई के सामने प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय सीएसपी संचालकों ने भी लूट की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उधर जिला जदयू नेता निरंजन सिंह ने अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ताजपुर तथा सरयू पार चौक के समीप स्थायी पुलिस चौकी बनाने अथवा बीएमपी तैनात करने की मांग की है। उन्होंने ताजपुर में तैनात पुलिस कर्मियों को अविलम्ब हटाने की मांग की है।