FB_IMG_1491309082819

⏭इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े छात्र-छात्राएं — इस्पात राज्यमंत्री 

⏭दैनिक खोज खबर सेन्ट्रल डेस्क:-भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय ने ओरियंटल यूनिवर्सिटी, इंदौर में “स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2017” का आयोजन किया है । राष्ट्र को समर्पित निर्णायक समाचारपत्र ” सिगनेट टाइम्स ” को प्राप्त समाचार के मुताबिक आयोजित कार्यक्रम मे सम्पूर्ण देश भर से 56 टीमों ने भाग लिया। इन टीमों ने इस्पात मंत्रालय को भेजे अपने सुझावों को आयोजन के दौरान प्रस्तुत किया। उल्लेखनीय है कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय एवं अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने पूरे भारत भर में 1 से 2 अप्रैल के बीच ऐसे ही 26 केन्द्रों पर हैकाथॉन का आयोजन किया। इस आयोजन में पूरे देश भर से 598 सुझाव आए, जिसमें से 31 अकेले इस्पात मंत्रालय के थे।

माननीय केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेताओं को नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इन विजेताओं में एसआरएम चेन्नई को प्रथम पुरस्कार स्वरूप 1 लाख रुपए की नगद और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में द्वितीय विजेता प्रगति इंजिनियरिंग कॉलेज, तृतीय विजेता बीआईटी सिंदरी, चतुर्थ विजेता बीआईटी मेसरा और पांचवे विजेता बीआईटी राजस्थान को भी क्रमश: को 75000 रुपया, 50000 रुपया, 25000 रुपया की नगद राशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

इस अवसर माननीय मंत्री ने ओरियंटल यूनिवर्सिटी, इंदौर में अपने सम्बोधन में कहा, “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने “डिजिटल इंडिया इनिशिएटिव” की परिकल्पना की है। इसका लक्ष्य देश में डिजिटल क्रांति लाना है, जिससे विकास को भारत में हर किसी की पहुंच के भीतर एवं शासन को घर घर तक पहुंचाना है।” आगे उन्होंने कहा कि डिजिटल रूप से बदली हुई सेवा, वित्तीय लेनदेन को आसान, इलेक्ट्रोनिक और बिना नकद के बनाने के द्वारा ऑनलाइन व्यापार करने के लिए लोगों को बढ़ावा देगी।

इसके साथ ही उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “भारत में परंपरागत विधि से उत्पादन के कारण उत्पादकता एवं उत्पादन कार्यक्षमता की कमी है। आईटी एवं ऑटोमेशन के प्रयोग से इस क्षेत्र की उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है एवं प्रति टन उत्पादन लागत घटाई जा सकती है। इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े छात्र-छात्राएं, इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देकर इस्पात क्षेत्र में एक नई क्रांति ला सकते हैं। मेक इन इंडिया” पहल से निर्माण, आधारभूत संरचना, ऑटोमोबाइल, जहाज निर्माण और ऊर्जा क्षेत्रों में भारी निवेश होने की उम्मीद है, जिससे निश्चित रूप से इस्पात की मांग बढ़ेगी। किफायती एवं प्रतिस्पर्धात्मक ‘भारत में निर्मित इस्पात’ से देश में आधारभूत संचरना के विकास एवं निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।” ।