सिवान :राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन
#न्यूज़ इनपुट -परवेज़ अख्तर 
 सिवान : 
जिला उपभोक्ता फोरम में रविवार को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके अधिकारों के प्रति सचेत किया गया।
 जिला उपभोक्ता फोरम के सदस्य रामजी सिंह ने कहा कि ग्राहक को सामान का मूल्य तथा उसकी गुणवत्ता की जानकारी होनी चाहिए। उपभोक्ताओं का कर्तव्य बनता है कि वे खरीदे गए सामान की पक्की रसीद की मांग करें। ऐसे कई प्रतिष्ठान हैं, जो खरीदे गए सामान की रसीद ग्राहकों को नहीं देते। ऐसा कृत्य करके वे सरकार के राजस्व की चोरी भी करते हैं और उपभोक्ताओं को ठगते हैं। ऐसी स्थिति में इन दुकानदारों के विरुद्ध उपभोक्ता संरक्षण 
अधिनियम के अंतर्गत उपभोक्ता फोरम में वाद दायर किया जाना चाहिए। ग्राहकों को चाहिए कि वह सामान पर मुद्रित मूल्यों से ज्यादा का भुगतान कतई न करें। विशेषकर इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद मसलन टीवी, फ्रिज, मोबाइल आदि उपकरणों को खरीदने के पहले उसकी सेवा शर्तों तथा
 वारंटी एवं गारंटी पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
सदस्य रमावती देवी ने कहा कि किसी भी त्रुटिपूर्ण सेवा के निदान के लिए उपभोक्ता फोरम एक सशक्त एवं सस्ता माध्यम है, जो हमेशा उपभोक्ताओं के हित की बात करता है। उपभोक्ता फोरम की प्रक्रिया को उपभोक्ताओं के हित में अत्यंत ही सरल बनाया गया है तथा जटिलताओं से इसे दूर रखा गया है। इस अवसर पर ग्राहक पंचायत के अध्यक्ष वरीय अधिवक्ता शिवनाथ सिंह, इरशाद अहमद, मनोज कुमार सिंह, संतोष कुमार पांडेय, चंद्रशेखर सिंह, शशांक देव नारायण सिंह, बलिराम प्रसाद, विजय तिवारी, रजनी रंजन त्रिवेदी, सुजीत कुमार तथा उपभोक्ता फोरम के कर्मचारी सोहन राम सुहाना, अशोक राय, राजीव कुमार गौतम, अर्जुन मिश्रा, मो. यूसुफ तथा राकेश कुमार उपस्थित थे।
गांधी मैदान स्थित अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के कार्यालय परिसर में जिला संगठन मंत्री अधिवक्ता शिवनाथ सिंह की अध्यक्षता में उपभोक्ता दिवस मनाया गया। इस दौरान उपभोक्ताओं को उनके अधिकार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में रामनिवास सिंह, दिनेश कुमार सिंह, प्रमोद द्विवेदी, दिलीप कुमार श्रीवास्तव आदि ने भी विचार व्यक्त किए।