
दैनिक खोज खबर/छपरा/गड़खा(12/05/2025)। जम्मू के आर एस पुरा सेक्टर में सीमा चौकी पर क्रॉस फायरिंग में शहीद हुए मो. इम्तियाज का पार्थिव शरीर सोमवार को पैतृक गांव लाया गया। गड़खा थाना क्षेत्र के जलालबसंत पंचायत के नारायणपुर गांव में पार्थिव शरीर पहुंचते ही अन्तिम दर्शन के लिए लोगो का सैलाब उमड़ पड़ा। पटना से गड़खा पार्थिव शरीर के आने के क्रम में कई जगह पर लोगों ने श्रद्धांजलि दी। लोगों के हाथों में तिरंगा लहरा रहा था।लोग लगातार ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद, भारत माता की जय’ के नारे भी लगा रहे थे।विदित हो कि, शहीद जवान भारत-पाक सीमा पर जम्मू के आरएस पुरा सीमा पर सब इंस्पेक्टर पद पर तैनात थे। जंग में शहीद हुए इम्तियाज अपने साथियों के साथ पूरी मुस्तैदी के साथ भारत की रक्षा करते हुए सीमा पर दुश्मनों को जवाब दे रहे थे। लेकिन, दुश्मन की ओर से किए गए हमले में शहीद हो गए।
बेटे इमरान ने कहा- ‘पिता के शहादत पर गर्व है’:
शहीद मो. इम्तियाज के बेटे मो. इमरान ने अपने पिता की शहादत पर कहा कि उन्हें अपने पिता की शहादत पर गर्व है।इमरान ने कहा कि, पाकिस्तान द्वारा धोखाधड़ी कर भारत के जवानों को मार दिया जा रहा है। जिससे कोई पत्नी अपने सुहाग खो रही है तो कोई पुत्र अपने पिता को खो रहा है। इमरान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब मिलनी चाहिए ताकि शहीदों की शहादत बेकार न जाए।
शहादत को बताया राष्ट्र का गर्व, जताई संवेदना :
शहीद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज का पार्थिव शरीर सारण जिले के गड़खा प्रखंड के जलाल बसंत पंचायत के नारायणपुर स्थित पैतृक गांव पहुंचने पर सोमवार को अंतिम विदाई दी गई। बिहार सरकार के मंत्री कृष्ण कुमार सिंह मंटू, पूर्व मंत्री व भाजपा के वरीय नेता डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह, स्थानीय विधायक सुरेंद्र राम, जदयू नेता प्रियदर्शी चौरसीया, वैधनाथ सिंह विकल, सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता राकेश सिंह, राहुल पासवान, संजय सिंह,संतोष सिंह,दीपु सिंह, मनोज पटेल, सुभाष राम, भाजपा नेता नजरे ईमाम, स्थानीय मुखिया गुलाम गौस, मो. असलम,मो मुस्तफा, मुमनान मिंया समेत सैकड़ो गणमान्य नागरिक उनके पैतृक गांव पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शहीद मो. इम्तियाज के परिजनों से आज मिलेंगे सीएम नीतीश कुमार, देंगे 21 लाख की सहायता राशि :
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को छपरा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर मो. इम्तियाज के परिजनों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री शहीद के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 21 लाख रुपये की अनुग्रह राशि सौंपेंगे।मुख्यमंत्री के छपरा आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है। अधिकारियों की टीम उनके दौरे से पहले मौके का निरीक्षण कर रही है।




Recent Comments