वंचित जरूरतमंदों को राशन कार्ड की मिलेगी सुविधा, सर्वेक्षण जारी : रुडी

जनादेश/छपरा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना संकट काल में लॉकडाउन के आरंभिक समय में ही कहा था कि देश के नागरिक चाहे वो शहरी हो या दूर दराज के कोई भूखा न रहे इस बात का ख्याल सरकार रखेगी। इसको प्रायोगिक तौर पर अमल में लाते हुए केंद्र सरकार के साथ-साथ अपने स्तर पर राज्य सरकार द्वारा भी सबको अनाज पहुंचाने या खाते में राशि भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई। उक्त बातें कहते हुए सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने आगे कहा कि वैसे परिवार जिन्हें जन वितरण का अनाज नहीं मिल पा रहा है, जिनका राशन कार्ड नहीं है और कार्ड के पात्र हैं, उनका अब सरकार द्वारा राशन कार्ड बनवाकार राशन उपलब्ध कराया जायेगा।
सांसद रुडी ने राशन कार्ड के लिए सर्वे का कार्य शुरू होने की जानकारी देते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड, परिवार के मुखिया का बैंक अकाउंट नं॰ और पारिवारिक सदस्यों के साथ एक फोटो तैयार कर जीविका या एनयूएलएम के सर्वे करने वाले अधिकारियों से संपर्क करें। सांसद ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे का काम जीविका के माध्यम से एवं शहरी क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह तथा एनयूएलएम के माध्यम से किया जा रहा है। विदित हो कि वीडियों कांफ्रंेस के माध्यम से सांसद नियमित तौर पर क्षेत्रिय कार्यकर्ताओं, विधायकों के साथ बैठक करते है। समय-समय पर बैठक में बिहार सरकार के मंत्रीगण भी भाग लेते है।
सांसद रुडी के साथ 20 अप्रैल की बैठक में उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी मौजूद थे। कार्यकर्ताओं द्वारा जानकारी दी गई थी कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में कई ऐसे जरूरतमंद परिवार है जिनके पास राशन कार्ड नहीं होने अथवा पुराने राशन कार्ड होने के कारण जन वितरण प्रणाली के माध्यम से राशन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने सभी को राशन उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए बताया था कि राशन कार्ड के लिए सारण जिला से प्राप्त एक लाख पैंतालिस हजार आवेदनों में अभी 98 हजार आवेदन किसी न किसी कारणवश लंबित है। छूटे हुए परिवारों का सर्वे जीविका के माध्यम से करा कर सभी को जन वितरण प्रणाली से जोड़ा जायेगा। सांसद रुडी ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र के जरूरतमंदों की सूची बनाते हुए सर्वेयर को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। इसके पश्चात ही पिछले दिनों इसका नोटिफिकेशन जारी किया गया था। उन्होंने जनता से अपील की कि अपने आस-पास के जरूरतमंदो को इसके लिए जागरूक करते हुए राशन कार्ड बनवाने में उनका सहयोग करें।