मढ़ौरा-छपरा व गड़खा-पटेढा सड़क निर्माण के दौरान ही हो गई जर्जर, सांसद राजीव प्रताप रुडी की पहल पर जांच करने शुक्रवार को आयेगी टीम
◆ श्री रुडी ने पथ निर्माण मंत्री से जांच कराने की कही थी बात।

छपरा (सारण), 12 जुलाई, 2018 । सही से सड़क का निर्माण नहीं करने वाले ठेकेदारों के कारण हीं सरकार की योजनाओं का सही लाभ जनता को नहीं मिल पाता है। ऐसी स्थिति पर लगाम लगाने के लिए स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रुडी ने कई बार अधिकारियों के साथ बैठकों में गुणत्तापूर्ण निर्माण न करने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई करने को कहा था, जिसका असर अब दिखने लगा है। हाल ही मे निर्मित करोड़ों रुपये की लागत से बनायी गई गरखा- पटेढ़ा वाया अख्तियारपुर सड़क की गुणवत्ता पर अब प्रश्न चिन्ह लग गया है। साथ ही मढ़ौरा-छपरा पथ के निर्माण में अनियमितता बरतने की भी शिकायत मिली है। सांसद श्री रुडी की पहल पर इन दोनों पथों की जाँच के लिए पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा ने एक टास्क फोर्स का गठन किया है जो शुक्रवार को जाँच करने छपरा आ रही है ।इसके बाद टीम अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी। विदित हो की नवनिर्मित पथ के उखड़ने और मानक के विपरीत कार्य कराये जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने सांसद श्री रुडी से शिकायत की थी। यही नहीं बल्कि मढ़ौरा- छपरा पथ के निर्माण में भी अनियमिता बरती गई है जिसकी शिकायत अनुमंडल पदाधिकारी ने जिला पदाधिकारी से लिखित रूप में की है। हाल ही में मढ़ौरा नगर पंचायत की बैठक में इस संदर्भ में सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया था और भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करने की बात कही थी।
श्री रुडी अपने क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के संदर्भ में हमेशा से सजग रहे है और समय-समय पर निर्माण कार्य का निरीक्षण भी करते रहे है। इसी संदर्भ में श्री रुडी ने स्वयं जाकर इस पथ का भी निरीक्षण किया। अपने निरीक्षण में श्री रुडी ने पाया कि इस पथ का निर्माण, पथ निर्माण के मापदण्डों के अनुरूप नहीं हुआ है। जिससे इसके निर्माण में गुणवत्ता की कमी है। उन्होने पथ निर्माण मंत्री से मुलाकात में यह बात भी बताई और इसपर कार्रवाई करने की बात कही। श्री रुडी ने बताया कि इस पथ के निर्माण संबंधी शिकायते कई दिनों से उन्हें मिल रही थी। तत्पश्चात उन्होने स्वयं इसका निरीक्षण करने का फैसला किया। अपने निरीक्षण में उन्होंने शिकायतों को सही पाया, जिसपर कार्रवाई की बात कही है। पथ निर्माण में गुणवत्ता की कमी की शिकायत मिलने पर विभाग के प्रधान सचिव श्री अमृत लाल मिणा ने पीडब्लूडी की सड़कों की जांच के लिए एक टीम गठित की है। टीम सड़क निर्माण मे प्रयुक्त मटेरियल की जांच करेगी। इसके साथ कार्यों कीे फोटोग्राफी भी कराई जायेगी। सड़क निर्माण में की गयी धांधली सामने आने से इसके लिए जिम्मेदार लोगों के बीच खलबली मच गयी है।
क्षेत्रीय विकास के प्रति सजग श्री रुडी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की प्रथम सीढ़ी होती है सड़क पर निर्माण के कुछ दिनों के बाद ही करोड़ो रूपये की लागत से बनी ये सड़क जर्जर स्थिती में पहुंच गई है। विदित हो कि निम्न गुणवत्ता स्तर की ये सड़क के निर्माण पर क्षेत्र की जनता में रोष व्याप्त है। जब सड़क निर्माण संबंधी जनता की शिकायत किसी ने नही सुनी तो उनकी एक मात्र आस स्थानीय सांसद श्री रुडी से जागी। बड़ी संख्या में ग्रामीणो, कार्यकर्ताओं व क्षेत्रिय जन प्रतिनिधियों ने इस बात की शिकायत अपने सांसद श्री रुडी से की, जिसके बाद सांसद ने पत्र लिखकर पथ निर्माण मंत्री श्री नंदकिशोर यादव व विभागीय प्रधान सचिव श्री अमृत लाल मिणा का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। डबल डेकर फ्लाईओवर के शिलान्यास कार्यक्रम के मंच पर भी श्री रुडी ने पथ निर्माण मंत्री से इस संदर्भ में बात की थी।