
मांझी(सारण)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मांझी के प्रसिद्ध रामघाट पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सोमवार की देर रात करीब दो बजे से ही लोगों ने पावन सरयु नदी में आस्था की डुबकी लगाना शुरू कर दिया। जो मंगलवार की दोपहर तक चला। स्थानीय पुलिस तथा सोशल मीडिया ग्रुप अनुभव जिंदगी का वाट्सअप ग्रुप के सदस्य लगातार लोगों को जाम से निजात दिलाने को प्रयासरत रहे। बावजूद इसके जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। स्नान के बाद लोगों ने दान-पुण्य किया और प्रेम से सतु व मूली का स्वाद चखा। रामघाट के अलावें मधेश्वर नाथ घाट, डुमाईगढ़ घाट, डुमरी सहित सभी नदी घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। रामघाट पर स्थानीय सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी पहुंच कर डुबकी लगाई। स्नान व मेला के दौरान सुरक्षा व शांति-व्यवस्था को लेकर सीओ दिलीप कुमार, बीडीओ नील कमल व थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा सहित पुलिस कर्मी सक्रिय रहे। समाजसेवी कृष्णा सिंह पहलवान के नेतृत्व में गोताखोरों की टीम नदी किनारे तथा नौका के सहारे पूरी तरह सक्रिय रही।
उधर स्थानीय हनुमान गढ़ी मन्दिर परिसर में सम्पन्न 24 घण्टे के अखण्ड अष्टयाम में दर्जनों गायक मंडलियों ने अपनी गायकी से माहौल को भक्तिमय बना दिया। सन्त राम प्रिय दास के संयोजकत्व में आयोजित भंडारे में दर्जनों साधुओ तथा सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।




Recent Comments