मधेपुरा:सड़क मुद्दे को लेकर प्रदर्शन,अधिकारियों ने दिया आश्वाशन 
👉गांव के लोग अभिशप्त की जिंदगी जी रहे हैं:-बीडीओ वर्मा

👉आम लोगों के सहयोग के बिना समस्या का निदान नहीं हो सकता है:-सीओ अजय कुमार

👉जर्जर सड़क के कारण ही अपराध को मिलता है बढ़ावा:-थानाध्यक्ष सुमन

संजय कुमार सुमन

दैनिक खोज खबर,मधेपुरा

मधेपुरा जिला के चौसा प्रखंड अंतर्गत लौआलागन पूर्वी पंचायत के बिंदटोली गांव एक बांध पर अवस्थित है। गॉव का मुख्य मार्ग से कोई संपर्क नहीं है जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता हैं।
ज्ञात हो कि सड़क की समस्या को लेकर बीते माह बिंद टोली के ग्रामीणों ने खलीफा टोला के पास फोर वे सड़क को जाम भी किया था।

ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से आज तक हमारे गांव का मुख्यालय के किसी भी सड़क से नहीं जोड़ा गया है। जिससे हम लोगों को आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हमारा क्षेत्र बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है।जब बाढ़ का पानी आता है तो हम लोगों को खाद्य पदार्थ या जरुरत की सामग्री खरीदने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है। क्षेत्र के विधायक के द्वारा सड़क दिया भी गया है तो सिर्फ गॉव के अंदर ही है ।उसको किसी मुख्य सड़क से नहीं जोड़ा गया है।

प्रदर्शनकारी कहते हैं कि बिंद टोली से खलीफा टोला फोर लेन के बीच सड़क निर्माण ,पौड़ा टोला से पीडब्ल्यूडी चौसा भटगामा एवं धार में पुलिया का निर्माण और बिंद टोली से ख़ोपड़िया के बीच धार में पुलिया सह सड़क निर्माण कर दिया जाय तो सारी की सारी समस्या हल हो जायेगी। हम वर्षों से पीड़ित हैं जिसके कारण हम ग्रामीण उग्र हैं।सभी लोगों ने ठगा हैं।हम लोगों को केवल पदाधिकारी पर ही भरोसा है।इसलिए हम यहाँ आये हैं।

प्रमुख शंभू प्रसाद यादव ने कहा कि बिन्दटोली गांव में ना तो जाने का रास्ता है और ना आने का रास्ता है। यह एक टापू में है। सड़क की समस्या निश्चित रूपेण है। यहां के लोगों का दुख दर्द मुझे पता है। सड़क का निर्माण हर हाल में आपसी भाईचारे के साथ कराया जाएगा। हम यह वचन देते हैं।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए कहा कि आपकी समस्या की जानकारी डीएम साहब को है। निजी जमीन को लेकर कुछ परेशानियां है। डीएम साहब ने आश्वासन दिया है कि गांव में सड़क का निर्माण होगा। मैं खुद देख पा रहा हूं कि गांव के लोग अभिशप्त की जिंदगी जी रहे हैं ।हम प्रयास करते हैं और नतीजा सार्थक निकलेगा। उन्होंने कहा कि आदमी अपने अधिकार को समझने का प्रयास करें। निजी जमीन के अधिग्रहण की समस्या है। शीघ्र ही समस्या का निदान किया जाएगा। कोई भी असंवैधानिक कार्य एवं बातें कभी नहीं की जानी चाहिए। जोश में होश नहीं खोया जाना चाहिए। मुश्किल तो आनी है, पर हम अपने काम और भाषा में शालीनता रखें।आपकी मांग जायज है। उच्च पदाधिकारी तक आपकी समस्या को प्रेषित की गई है।आप धैर्य रखें समस्या का समाधान होगा।

अंचल पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि ग्रामीणों की मांग जायज है। जमीन का मापी करा कर ट्रेस नक्शा बना दिया गया है। निजी जमीन में परेशानी है। आम लोगों के सहयोग के बिना इस समस्या का निदान नहीं हो सकता है। निजी रैयत मालिका का एकरारनामा चाहिए। मिल जाए तो प्रस्ताव जिला को भेज दिया जाएगा। इकरारनामा बनाया जा रहा है। जिनकी भी निजी जमीन है उनसे बात की जा रही है। वह जमीन देंगे ही जैसा मुझे विश्वास है।

थानाध्यक्ष चौसा सुमन कुमार सिंह प्रदर्शनकारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि बिन्दटोली के ग्रामीणों की मांग जायज है। निजी जमीन का मामला आपसी मित्रवत सुलझाया जा सकता है। किसी भी मामले को ना तो राजनीतिक रंग दे और ना ही लोग गुटबाजी करें। इससे समस्या और विकराल हो जाती है। किसी भी समस्या का समाधान आम लोगों के प्रयास से ही संभव है। निजी जमीन जिन लोगों का है उनसे मित्रवत बातचीत कर हम सभी मामले को सुलझा पाने में सक्षम है।उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या चौसा में है जिसके कारण अपराध को बढ़ावा मिलता है।जर्जर सड़क के कारण ही पुलिस उचित समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाते हैं और अपराध कर्मी घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।आवागमन विहीन गांव में ही अपराधियों का बसेरा भी होता है। बावजूद इसके अपराधियों से निपटने में हम सक्षम है। उन्होंने कहा कि यदि बिन्दटोली गांव में सड़क होती तो वहां से कई नामी गिरामी अपराधी आज जेल के शिकंजे में होते। विकास और अपराध नियंत्रण में सड़क की मुख्य भूमिका है। आंदोलन  शांति का रूप होना चाहिए। हम कानून के रक्षक हैं और कानून के पालक हैं। हमें कानून को नजर में रख कर के ही कुछ काम करना चाहिए।
इस मौके पर शम्भू कुमार महतो, रूपेश कुमार, किशोर कुमार महतो, सुबोध कुमार महतो, श्रवण महतो , भाकपा माले के मुन्ना कुमार जयसवाल, भाकपा माले के संतोष कुमार संतोष, अखिलेश कुमार महतो, टुनटुन शर्मा, दिनेश पोद्दार, विकास कुमार, जनार्दन मेहता, हिना देवी, पूजा देवी, रेणु कुमारी, प्रीति देवी, आशा देवी,उषा देवी,गीता देवी, सविता देवी, कविता देवी समेत सैकड़ों महिलाए एवं पुरुष उपस्थित थे।

FacebookTwitterGoogle+WhatsAppWeChat