दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
बेतिया। नगर के बस स्टैंड में चाय विक्रेता को चाकू मारकर जख्मी करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की है। जबकि मौके से लोगों द्वारा पकड़ कर सौंपे गए मुफस्सिल थाना के अकबर नगर निवासी रमीज राजा को पुलिस ने जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष शशिभूषण ठाकुर ने बताया कि घायल चाय विक्रेता शफी आलम के बड़े भाई बालकृष्ण कॉलोनी निवासी हलीम मियां की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गयी है। जिसमें जेल भेजे गए रमीज राजा के अलावे उसके मोहल्ले अकबर नगर निवासी सोहैल आलम, नदीम अनवर तथा नौशाद आलम उर्फ ढेबर को नामजद किया गया है। आरोप है कि सोहैल आलम ने ही शफी आलम को चाकू मार घायल किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फरारी स्थिति में उनकी चल-अचल संपति को कुर्क किया जाएगा। एफआईआर में हलीम मियां ने बताया है कि 29 अगस्त की रात 7:45 बजे उसका छोटा भाई शफी बस स्टैंड स्थित चाय दुकान पर चाय बेच रहा था। तभी 8-10 अपराधी हाथ में चाकू लेकर पहुंचे। उनलोगों ने चाय देने को कहा, तब शफी ने कहा कि थोड़ी देर में चाय बनाकर दे रहा हूं। इतना सुनते ही अपराधी दुकान के काउंटर पर रखे सामानों को तोड़ने लगे। जब शफी उनसे ऐसा करने से मना किया तो उसे चाकू से गोद गंभीर रुप से जख्मी कर दिया।