
मांझी। बुधवार को कटोखर में दो पक्षों के बीच हुए पथराव तथा उपद्रव मामले में दोनों पक्षों द्वारा दो अलग अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दर्ज प्राथमिकी में प्रथम पक्ष ने 66 तथा द्वितीय पक्ष ने 51 लोगों को नामजद कराया है। साथ ही दोनों पक्षो के आवेदन में तीन सौ अज्ञात लोगों पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार कैम्प कर रही है। उधर घटना के दूसरे दिन भी कटोखर बाजार की दुकानें बंद रहीं। थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि गंवई सड़क पर तेज गति से बाइक चलाने से रोकने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई उसके बाद दो समुदाय विशेष के लोग गोलबंद होकर दो स्थानों पर एक दूसरे पर रोड़ेबाजी करने लगे। एक पक्ष का कहना है कि जाति सूचक शब्दों के साथ उनको चलने से रोका गया जबकि दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि एक समुदाय विशेष के मुहल्ले से गुजरने के दौरान लड़कियों पर फब्तियाँ कसी गई जिससे आक्रोशित होकर लोग पथराव करने लगे। हालांकि सच्चाई क्या है तथा असली दोषी कौन है पुलिस इसकी तहकीकात कर रही है तथा नामजद लोगों की गिरफ्तारी के लिए एकमा व दाउदपुर पुलिस के समन्वय से छापेमारी अभियान चला रही है।




Recent Comments