पंजाब में ISI मॉड्यूल का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार, रेलवे ट्रैक उड़ाने की थी साजिश
तासीम अहमद
नई दिल्ली 5 जून। पंजाब पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक- गिरफ्तार किए गए तीनों लोग सीधे तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हैं। इन लोगों को रेलवे ट्रैक उड़ाने का टारगेट दिया गया था।
पंजाब पुलिस ने रविवार को एक स्टेटमेंट जारी किया। इसमें टेरर मॉड्यूल के भंडाफोड़ की जानकारी दी गई। पुलिस के मुताबिक- गुरदयाल सिंह, जगरूप सिंह और सतविंदर सिंह नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन यानी ISYF से जुड़े हैं। ISYF का सरगना लखबीर सिंह रोडे है। ये संगठन आईएसआई के इशारे पर काम करता है। पुलिस के मुताबिक- आरोपी कुछ खास लोगों और रेलवे ट्रैक्स को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे।
कश्मीर के आतंकियों से भी रिश्ते
पुलिस के मुताबिक- गुरदयाल इस ग्रुप का चीफ है और वो जम्मू-कश्मीर में एक्टिव कुछ आतंकी संगठनों के सम्पर्क में था। पूछताछ के दौरान जगरूप ने माना कि आईएसआई ने उसे रेलवे ट्रैक्स को उड़ाने की ट्रेनिंग दी थी।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक- 21 मई को बीएसएफ ने अमृतसर बॉर्डर पर कुछ हथियार जब्त किए थे। इस दौरान दो लोगों की गिफ्तारी भी हुई थी। इन लोगों से पूछताछ के दौरान पुलिस को इस मॉड्यूल के बारे में जानकारी मिली थी।
पाकिस्तान जा चुका है एक आरोपी
एक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि रोडे लाहौर में आईएसआई की निगरानी में रहता है। गुरदयाल सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान जा चुका है और रोडे की मुलाकात उससे वहीं हुई थी। जगरूप को भी गुरदयाल ने ही पाकिस्तान भेजा था। जगरूप के मुताबिक- वहां आईएसआई उसे आंखों पर पट्टी बांधकर किसी अनजान जगह ले गई और वहां उसे एके- 47 और कुछ छोटे हथियार चलाने की ट्रैनिंग दी गई।
जगरूप को ये भी बताया गया कि रेलवे ट्रैक्स को कैसे डैमेज किया जा सकता है। उसे फिश प्लेट्स निकालने और नट – बोल्ट्स हटाना सिखाया गया। गुरदयाल के खिलाफ पहले भी आतंकी साजिशें रचने के आरोप में केस दर्ज किए जा चुके हैं। 1992 में उसके पास से एक विदेशी पिस्टल बरामद की गई थी।




Recent Comments