नवादा – दो बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ़्तार किशोर को थानेदार को छोड़ना पड़ा महँगा , एसपी ने किया ससपेंड

रिपोर्ट – सन्नी भगत /

नवादा : गोविंदपुर थाना के थानाध्यक्ष ज्योति पुंज को एसपी ने कर्तव्यहीनता के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। उनपर एक शराब के साथ गिरफ़्तार किशोर को थाने से छोड़ने के आरोप में एसपी ने यह कार्रवाई की है।

बताया जाता है कि गोविन्दपुर थाना क्षेत्र के दर्शन नाला उत्पाद चौकी पर तैनात सहायक अवर निरीक्षक अमर पासवान ने एक किशोर को दो बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उसे गोविंदपुर थाना को सुपुर्द कर दिया था। बताया जा रहा है कि किशोर को थाने लाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने काफी होहल्ला मचाया और स्थानीय लोगों के दबाव में आकर थानाध्यक्ष ज्योति पुंज ने उसे छोड़ दिया था।

इस बात की सूचना किसी ने एसपी को दे दी। जिसके बाद एसपी ने रजौली एसडीपीओ संजय कुमार को मामले की जांच का आदेश दिया था।

हालांकि जांच शुरू होने के बाद थानाध्यक्ष ने आनन-फानन में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित किशोर को जेल भेज दिया था।
रजौली एसडीपीओ ने थानाध्यक्ष के निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शराब बरामदगी के बाद करवाई नहीं करने के मामले में उन्हें निलंबित किया गया है।