नगरा में निःशुल्क क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
दैनिक खोज खबर डेस्क, नगरा (सारण)
माँ यूथ ऑर्गेनाइजेशन एवं स्टडी सक्सेस सेंटर के तत्वाधान में प्रतियोगिता परीक्षा के तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिये नगरा प्रखण्ड के अफौर गांव के शिव मंदिर के प्रांगण में निःशुल्क टेस्ट सिरीज़ का शुभारम्भ किया गया।

आयोजन का शुभारम्भ करते हुये मुख्य अतिथि राठौर नितान्त ने कहा कि प्रत्येक माह के दूसरा और चौथे रविवार को इसी स्थान पर प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन से प्रतियोगिता का माहौल बनेगा जिससे अभ्यर्थियों को लाभ होगा। संयोजक डॉ अरविन्द उपाध्याय ने बताया कि प्रत्येक टेस्ट पेपर में हर विषय से सम्बंधित प्रश्न रहेंगे।

टेस्ट का आयोजन एक कठिन परिस्थिति में करने का उद्देश्य बच्चों में दुविधाओं से लड़ने की शक्ति को बढ़ाना है। शिक्षक टिंकु सिंह ने बताया कि छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उनको अलग ग्रुप में करके पुरस्कृत किया जाएगा। कहीं के बच्चे इस टेस्ट सीरीज़ में शामिल हो सकते है।

छात्र वर्ग में प्रथम स्थान उस्ती, बनियापुर के विनोद कुमार, द्वितीय स्थान ताजपुर, नगरा के सबीर अंसारी एवं तृतीय स्थान नगरा के धनंजय कुमार को प्राप्त हुआ। वहीं छात्रा वर्ग में प्रथम स्थान बन्नी की पूजा कुमारी,द्वितीय स्थान मढ़ौरा की प्रिया कुमारी एवं तृतीय स्थान नगरा की प्रियंका कुमारी को प्राप्त हुआ। प्रथम टेस्ट में लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया जिनमें से प्रथम 20 को पुरस्कृत किया गया।