• गरखा राइडर्स बनी लीग की पहली चैंपियन।
  • मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विजेता गरखा राइडर्स को सौंपी ट्रॉफी।
  • फाइनल में गरखा राइडर्स ने एकमा चैलेंजर्स को 10 रनों से हराया।
  • मुख्यमंत्री ने सांसद रूडी की पहल की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा।
  • समारोह में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सांसद राजीव प्रताप रूडी और अभिनेता क्रांति प्रकाश झा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित।
  • गुड्डू बने प्लेयर ऑफ द लीग और बेस्ट बैटर।

पटना, 29 नवंबर 2026 । सारण क्रिकेट लीग जैसे आयोजन गांवों और कस्बों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शनिवार को पटना के ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित सारण क्रिकेट लीग के भव्य फाइनल समारोह में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उक्त बाते कही।मुख्यमंत्री ने सांसद राजीव प्रताप रूडी की इस पहल की सराहना करते हुए उन्होंने भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों के उत्साह के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में गरखा राइडर्स ने एकमा चैलेंजर्स को 10 रनों से पराजित कर लीग के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम किया। मुख्यमंत्री ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की और दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में बिहार के मुख्य सचिव, सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी, फिल्म अभिनेता क्रांति प्रकाश झा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए गरखा राइडर्स ने 5 विकेट पर 82 रन बनाए। जवाब में एकमा चैलेंजर्स की टीम 6 विकेट पर 72 रन ही बना सकी। पुरस्कार वितरण में हर्ष राज को मैन ऑफ द मैच, अमन को बेस्ट बॉलर, विश्वजीत को बेस्ट फील्डर तथा गुड्डू को बेस्ट बैटर और प्लेयर ऑफ द लीग का पुरस्कार दिया गया।

सांसद राजीव प्रताप रूडी की परिकल्पना पर आयोजित इस लीग में सारण क्षेत्र की 10 टीमों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य गांवों और कस्बों के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है। खेल के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को जोड़ते हुए लीग को ‘हंगर फ्री भारत’ अभियान से भी जोड़ा गया, जिसके माध्यम से भोजन की बर्बादी रोकने और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का संदेश दिया गया।