
मांझी(सारण): थाना क्षेत्र के नरपालिया गांव के एक युवक के पंजाब के लुधियाना में अपने मित्र के घर से होली खेलकर बाइक से लौटते समय सड़क दुर्घटना में मौत की खबर से मातमी माहौल बना हुआ है।मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के लुधियाना में अपने डेरा पर लौट रहे मांझी के तीन युवकों के सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल हो जाने वाले में से एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो जाने की से गांव में माहौल गमगीन हो गया है। होली के दिन घटी इस लोमहर्षक घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि तीनों युवक लुधियाना के एक लोहा फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। होली के दिन दूसरे फैक्ट्री में काम करने वाले एक अन्य मित्र के डेरा पर होली खेलकर तीनों एक साथ अपने डेरा पर लौट रहे थे तभी एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए। बाद में स्थानीय लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने संतोष कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। मृतक मांझी थाना क्षेत्र के नरपलिया गांव निवासी स्व रामेश्वर यादव का पुत्र बताया जाता है। उसी गांव के स्व शिवजी यादव का पुत्र मंजीत कुमार यादव तथा अंजोर राय के डेरा निवासी दलन यादव का पुत्र सत्येन्द्र यादव जख्मी हो गया।
मृतक संतोष अपने पिता का इकलौता पुत्र था। उसके परिवार में माता तथा पत्नी के अलावा तीन पुत्री व दो पुत्र हैं। उसकी माता तथा पत्नी का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। अब कौन देखेगा उनके परिवार को पहले पिता तथा फिर पुत्र की मौत से इस परिवार की दुनिया ही उजड़ गई है। घटना की खबर पाकर जुटे सगे सम्बन्धी व स्थानीय लोग पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हुए हैं। स्थानीय मुखिया व मृतक के पड़ोसी मनन यादव ने बताया कि लुधियाना से शव लाये जाने की प्रकिया की जा रही है।




Recent Comments