पचरुखी : चार युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही है पूछताछ

(जनाजे की नमाज में उमड़ी भीड़ पहुंचे ओसामा शहाब)

  

परवेज अख्तर/सीवान। पचरूखी थाना क्षेत्र के घरथवलिया गांव के समीप 27 जून की देर शाम दस की संख्या में आए बदमाशों ने तीन सगे भाइयों को गोली मार कर घायल कर दिया। इसमें इरशाद खान की मौत हो गई।

इस मामले में घायल अजमत खान ने गांव के ही चार युवकों को नामजद कर प्राथमिकी कराई है। प्राथमिकी के बाद पुलिस चारों नामजदों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से पांच गोली का खोखा बरामद किया है। अजमत खान ने प्राथमिकी में बताया कि 27 जून को करीब साढ़े छह बजे अपने बथान पर बैठा हुआ था। मेरे बथान के 50 कदम की दूरी पर मेरे पड़ोसी का भी बथान है। पचरूखी थाना क्षेत्र के घरथवलीया निवासी कमल शर्मा, अंकित शर्मा, पंकज शर्मा, कुंदन शर्मा अपने-अपने हाथ में पिस्टल, कट्टा से लैस होकर मेरे बथान पर आकर गाली देने लगे। मना किया गया तो कमल शर्मा अपने हाथ में लिए पिस्टल से मेरे तरफ गोली चला दी, जो मेरे दाहिना हाथ में लगी , मैं भूमि पर गिर गया। गोली की आवाज सुनकर मेरा भाई कैफ खान और इरशाद खान उर्फ राजा खान दौंड़कर आये तो अंकित शर्मा अपने हाथ में लिए पिस्टल से इरशाद खान पर गोली चला दी। इरशाद

की गोली लगने से मौत हो गई, तभी कुंदन शर्मा और पंकज शर्मा ने अपने हाथ में लिए हथियार से मेरे भाई कैफ खान पर गोली चला दी। कैफ खान को कुंदन द्वारा चलाई गई गोली छाती पर लगी और पंकज शर्मा द्वारा चलाई गई गोली पेट में लगी।

भूमि विवाद को ले हुई हत्या :

थाना क्षेत्र के हरदिया में शुक्रवार की देर शाम 10 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए तीन भाइयों को गोली मार दी। इसमें एक भाई इरशाद की मौत हो गई। इरशाद को सीने में गोली लगी थी, जबकि उसके दो भाई अजमत खान के कंधा तथा कैफ खान के सीने में गोली लगी है। कैफ को स्वजन गोरखपुर में इलाज के लिए लेकर चले गए। जबकि अजमत का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा था। इस घटना के बाद एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी में जुटी थी। अस्पताल में मौजूद अन्य लोगों के अनुसार मामला भूमि विवाद को लेकर ही है।

गुजरात जाने वाला था इरशाद:

फायरिंग की घटना में मृत इरशाद बीसीए की पढ़ाई पूरी कर घर आया था और वह गुजरात जाने वाला था। जुलाई में उसे गुजरात जाना था और उसका टिकट भी हो गया था इसी बीच वह बदमाशों की गोली का निशाना बन गया।

घटना के बाद स्वजनों के रोने से माहौल हुआ गमगीन:

इरशाद की मौत तथा दो भाइयों के घायल होने की घटना के बाद स्वजनों के रोने से माहौल गमगीन हो गया। सदर अस्पताल में काफी संख्या में पहुंचे स्वजन शोकाकुल थे। उन्हें आसपास के ग्रामीण ढाढ़स बंधा रहे थे। जानकारी के अनुसार इरशाद चार भाई हैं और वह अविवाहित था।

—————–