दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट :-
फिरौती के लिए अपहृत बच्चे का मिला शव
– अपहर्ताओं ने फिरौती नहीं मिलने पर की थी हत्या
– मैनाटांड़ में पुलिस पर ग्रामीणों ने किया पथराव
– कार्रवाई नहीं होने से खफा थे ग्रामीण
मैनाटांड़ के संतपुर पिपरा से फिरौती के लिए एक पखवारे पूर्व अपहृत किराना व्यवसायी के पुत्र अमित कुमार (13) की हत्या अपराधियों ने फिरौती नहीं मिलने पर कर दी है। गुरूवार की सुबह मैनाटांड़ पुलिस ने मृतक के घर से दो सौ मीटर की दूरी पर सरेह से जैसे ही बच्चे का नरकंकाल निकाला वैसे ही लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पुलिसिया लापरवाही से खफा ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों को खदेड़कर पीट डाला। थानाध्यक्ष रामविनोद सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों को भागकर जान बचानी पड़ी। मामला यह है कि किराना व्यवसायी नंदकिशोर राउत का पुत्र अमित कुमार 18 अक्टूबर (नवरात्र को) गांव में प्रोजेक्टर पर चल रहे भक्ति कार्यक्रम को देखने गया था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन पता नहीं चल पाया। 19 अक्टूबर की सुबह अमित के पिता मैनाटांड़ थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे। थानाध्यक्ष ने सुप्रिम कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना करते हुए अपहरण का मामला नहीं दर्ज किया। गुमशुदगी का सनहा दर्ज कर लिया। इसी बीच अपराधियों ने बच्चे के पिता के मोबाइल पर फोन कर फिरौती की मांग की। बच्चे के पिता ने थानाध्यक्ष को जाकर जानकारी दी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई में कोई तेजी नहीं आयी। इधर मोबाइल के कॉल डिटेल्स के आधार पर 30 अक्टूबर को पुलिस ने एक व्यक्ति को इस घटना में दोषी पाते हुए जेल भेज दिया। जेल भेजे गए अभियुक्त की निशानदेही पर गुरूवार की सुबह पुलिस ने सरेह में पहुंच जैसे ही बच्चे के शव को निकाला, लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।




Recent Comments