दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-

बैठक स्थगित होने पर भड़के पार्षद, हंगामा

– पुलिस की मौजूदगी में बीडीओ ने माहौल शांत कराया
– नपं अध्यक्ष ने ईओ पर लगाया मनमानी करने का आरोप
चनपटिया नगर पंचायत की बैठक स्थगित करने से भड़के पार्षदों ने जम कर हंगामा किया। वार्ड पार्षद बिना वजह बैठक स्थगित करने से नाराज थे। हंगामे की सूचना पर बीडीओ दीनबंधु दिवाकर एवं एएसआई विजय पांडेय नपं कार्यालय पहुंचे और माहौल को शांत कराया। पार्षदों का कहना है कि ईओ नेसात आलम ने बिना वजह पूर्व निर्धारित बैठक को स्थगित कर दिया। इस मामले में वार्ड पार्षद चंदा देवी ने ईओ से कारण पूछा तो वे जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनको अपमानित किया। इस पर सभी वार्ड पार्षद भड़क गए और जम कर हंगामा किया। पार्षदों एवं ईओ के बीच धक्का मुक्की की भी खबर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ नपं कार्यालय पहुंचे दोनों पक्षों को समझा बुझा कर शांत कराया। बाद में नियमों की जानकारी नहीं होने की बात कह कर ईओ ने बैठक स्थगित करने के लिए सदन से माफी मांगी। ईओ ने अगली बैठक आयोजित करने के लिए अध्यक्ष से अनुरोध भी किया। अध्यक्ष विमला देवी ने कहा कि पदस्थापना के बाद से ही ईओ नियमों की अनदेखी कर मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईओ के द्वारा बगैर सशक्त स्थायी समिति एवं क्रय समिति के अनुमोदन के कार्यालय में सीसीटीवी कैमरा लगवाया जा रहा है। इसे लेकर ईओ एवं पार्षदों के बीच मंगलवार को कहा सुनी हुई थी। इसी मुद्दे पर घिरने की आशंका को लेकर ईओ ने मनमाने ढ़ंग से बैठक को स्थगित कर दिया था।