
सोनपुर। सोनपुर प्रखंड के छीतरचक स्थित देवरहा बाबा आश्रम में शनिवार को पूज्य देवरहा बाबा की पुण्यतिथि श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आश्रम परिसर में सत्संग, महाभिषेक, पूजन, महाआरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं, शिष्यों एवं भक्तों ने भाग लेकर बाबा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत देवरहा बाबा की प्रतिमा के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाभिषेक एवं विधिवत पूजन से हुई। इसके बाद महाआरती और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे पूरा आश्रम भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूज्य श्रीधर बाबा के शिष्य मुरारी स्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि देवरहा बाबा ने मानवता, सेवा और धर्म का संदेश पूरी दुनिया को दिया। उन्होंने कहा कि “भूखे को भोजन, प्यासे को पानी और गौ माता की सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है।” बाबा का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या और लोककल्याण के लिए समर्पित रहा, इसलिए उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में शांति, प्रेम और सद्भाव स्थापित किया जा सकता है।
वहीं बीपी योगेश ने कहा कि देवरहा बाबा साक्षात भगवान के स्वरूप थे। उनके दर्शन और आशीर्वाद से लाखों लोगों का जीवन धन्य हुआ। उन्होंने लोगों से बाबा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष भरत प्रसाद राय ने कहा कि बाबा सरकार ने अपने जीवन में जितना त्याग, तप और साधना की, वैसा जीवन आज के समय में बहुत दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि बाबा की शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद एवं भंडारे का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में भक्तों ने सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




Recent Comments