सारण :एकमा स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं नदारद, यात्रा से पूर्व घर से गला तर कर निकले


स्टेशन पर लगे चापाकल हैं खराब, प्यासे भटकते हैं रेल यात्री
—-
विनीत कुमार, एकमा
—
पूर्वोत्तर रेलवेे वाराणसी मंडल के अंतर्गत छपरा सिवान रेलखण्ड पर अवस्थित एकमा स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं नदारद हैं। छपरा सिवान रेलखण्ड के बीच अवस्थित एकमा स्टेशन पर कई एक्सप्रेस गाड़ियां रुकती है। राजस्व देने के मामले में एकमा अपने समकक्ष अन्य छोटे स्टेशनों से काफी आगे हैं फिर भी रेलयात्रियों को इस स्टेशन पर मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नही है। इस कारण रेल यात्री व एकमा के स्थानीय निवासी आक्रोशित हैं।
लोगों ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा दिखाया है व सवाल किया है कि आखिर एकमा को ये सारी सुविधाएं कब मिलेंगी।
पानी की किल्लत
—-
एकमा स्टेशन पर पीने के पानी की भी किल्लत है। यदि आप घर से अपना गला तर कर नही निकलते तो समझ लीजिए स्टेशन पर आपको प्यासा रहना पड़ेगा या फिर ऊंची कीमत पर पीने का पानी खरीद कर पीना होगा। एकमा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1 पर महज एक चापाकल चालू है जबकि प्लेटफार्म संख्या 2 पर दो चापाकल चल रहे हैं।
ट्रेन रुकते ही दौड़ते हैं यात्री
—-
एकमा स्टेशन पर पैसेंजर अथवा एक्सप्रेस ट्रेनो के रुकते ही रेलयात्री पीने के पानी के लिए दौड़ लगाते हैं मगर चापाकल तक पहुँचते ही उनमें मायूसी छा जाती है। इस भीषण गर्मी में रेल यात्री बिना पानी के ही यात्रा करने को विवश हैं।
गुस्से में लोग ,सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
—
एकमा स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण आमलोग काफी आक्रोशित हैं। आक्रोशित लोगों ने सोशल मीडिया पर एकमा स्टेशन के बदहाली की कई तस्वीरों को पोस्ट किया है। रेलयात्रियों ने महराजगंज के भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल से भी सवाल किया है कि आखिर एकमा को इस बदहाली से वो कब तक निजात दिलाएंगे।
एकमा में आधा दर्जन एक्सप्रेस ट्रेनों का है ठहराव
—-
एकमा स्टेशन से प्रतिदिन आठ हजार से अधिक रेलयात्री यात्रा करते हैं। पैसेंजर ट्रेनों के अतिरिक्त एकमा स्टेशन पर लिच्छवी एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, मौर्या एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस ट्रेनों रुकती हैं। इन ट्रेनों से लंबी दूरी के यात्रियों सहित दैनिक यात्री भी यात्रा करते है।
इस भीषण गर्मी में रेलयात्री धूप में ही ट्रेनों का इंतज़ार करने को विवश हैं।
बोले स्टेशन अधीक्षक
—
एकमा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई बार पत्राचार किया गया है। हाल में प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर दो अतिरिक्त यात्री शेड लगवाए गए हैं। गर्मी के कारण चापाकल सुख गए हैं उन्हें जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा।
कौशल किशोर सिंह
स्टेशन अधीक्षक,एकमा




Recent Comments