धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 22 नवंबर।
विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला- 2026 के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने मेला परिसर के विभिन्न स्थलों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित किया तथा उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं मुस्तैदी से निर्वहन करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखें। साफ- सफाई, साज- सज्जा, लाइटिंग, विद्युत व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। प्रत्येक प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष रूप से सजग रहें।

मुख्य प्रवेश द्वारों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। उन्हें बताया गया कि वह अपने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप अपनी ड्यूटी का निर्वहन करेंगे तथा संबंधित विशिष्ट अतिथियों के प्रस्थान के बाद ही सक्षम निर्देश के आलोक में अपना ड्यूटी स्थल छोड़ेंगे।

मुख्य मंच के प्रवेश द्वार, जहां से माननीय मुख्यमंत्री का आगमन निर्धारित है, वहां प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क एवं व्यवस्थित ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया गया, ताकि संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को मीडिया प्रतिनिधियों के लिए निर्धारित स्थल पर मीडिया की आवाजाही एवं व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने साफ-सफाई, विद्युत, सजावट, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों के प्रति पूर्णतः सजग रहने को कहा।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि माननीय मुख्यमंत्री के सारण जिला सीमा में प्रवेश से लेकर हरिहरनाथ मंदिर आगमन तथा कार्यक्रम के उपरांत सारण जिला सीमा से प्रस्थान तक सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से बने रहेंगे। इस दौरान कोई भी पदाधिकारी या कर्मी बिना सक्षम अनुमति के अपना प्रतिनियुक्ति स्थल नहीं छोड़ेंगे।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सोनपुर मेला का उद्घाटन एक महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित आयोजन है। इसे भव्य, गरिमामय, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी लोग आपसी समन्वय, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।