छपरा: भारत स्काउट और गाइड सारण के तत्वावधान में VNSS मंदिर, मुसेपुर में प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करना था।

शिविर में छात्र-छात्राओं को स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों, स्काउट प्रतिज्ञा व नियम, प्रार्थना, झंडा शिष्टाचार, मार्च पास्ट, प्राथमिक चिकित्सा और गांठ-बंधन (नॉटिकल स्किल्स) जैसे उपयोगी कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को एक जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

इस सफल आयोजन में विद्यालय के निदेशक सत्येन्द्र नारायण सिंह और प्रधानाचार्य सचिन भारद्वाज का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक विकास कुमार सिंह, मोहित कुमार सिंह, निशा कुमारी और मुस्कान कुमारी की सक्रिय सहभागिता रही।

प्रशिक्षण के समापन पर भारत स्काउट और गाइड, सारण इकाई की ओर से विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस प्रकार के शिविरों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में बल मिलता है।