छपरा। पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार में एक बार फिर जहरीली शराब ने कहर बरपाया है। ख़बर सारण के मशरक और अमनौर में जहरीली शराब पीने से एक दर्जन से अधिक लोगों की संदेहास्पद मौत बताई जा रही है। घटना मशरक, अमनौर तथा इसुआपुर थाना क्षेत्र के है। मशरक थाना क्षेत्र से मशरक तख्त से पांच, यदू मोड़ से तीन, पचखंडा से एक, बेनछपरा से तीन हनुमानगंज से एक तथा इसुआपुर थाना क्षेत्र के डोइला से लगभग आधा दर्जन से ज्यादा लोगो संदिग्ध जहरीली शराब पीने से जान चली गई। अमनौर में भी चार लोगों की संदेहास्पद मौत हों गई हैं। इतना ही नहीं, कई लोगों की आंखों की रोशनी चली गई हैं। जो गांव और प्राइवेट अस्पताल में इलाजरत है। सूत्रों से पता चला है कि बीते शाम से ये घटना घट रही है। जिसमें कुछ मृतक के परिजनों ने प्रशासन के डर से कल शाम में ही शव को अंतिम संस्कार कर दिया।

प्रशासन और पुलिस बीते रात से ही ले रहे परिजनों से जानकारी

प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर ग्रामीणों और पीड़ितों के परिजनों से जानकारी ले रहे हैं। इसके साथ ही गांव-गांव ये खबर फैलाने को कह रहे है कि घर में किसी की भी तबियत खराब होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क करने को कहा जा रहा है।

अस्पताल ले जाने के क्रम दो लोगों ने तोड़ा दम

सोमवार की रात को जहरीली शराब का सेवन करने के बाद से ही सभी की तबीयत खराब होने लगी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद कई लोगों को छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। छपरा सदर अस्पताल जाने के क्रम में ही मुकेश शर्मा की मौत हो गई। मुकेश शर्मा हनुमानगंज के बच्चा शर्मा का प्रथम पुत्र है। जिसकी बीते रात से अचानक तबीयत खराब हुई और सुबह मशरक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई थी।

अधिकारियों में मचा हड़कंप

जहरीली शराब से अभी तक ग्यारह लोगों की मौत के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। सारण जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मशरक के विभिन्न मृतकों के परिजनों के यहां पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। पुलिस अधीक्षक सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ितों के गांव का मुआयना भी किया है।

मृतकों में कुणाल सिंह, जयदेव सिंह, अमित रंजन सिंहा,संजय कुमार सिंह, हरेंद्र राम, भरत साह, मो. नसीर, बिजेंद्र राय, लाल कुमार यादव, मुकेश शर्मा का नाम भी शामिल है। जबकी तीन लोगो ने बीते रात ही शव को जला दिया है। जैसे ही जिला प्रशासन को इसकी सूचना मिली, मौके पर मढ़ौरा के एसडीओ, सोनपुर के एएसपी, मढ़ौरा डीएसपी सहित आसपास के थानों की पुलिस और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की टीम प्रभावित गांव में पहुंच गई।स्वास्थ्य विभाग के आधा दर्जन से भी ज्यादा एम्बुलेंस से पीड़ितों को छपरा सदर अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।